Bihar Crime: नालंदा में शराब विवाद में कत्ल, लाठी-डंडों से पीटकर अधेड़ की हत्या, आरोपी फरार
Bihar Crime: गुस्से और नशे में चूर दबंगों ने एक अधेड़ को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई।...
Nalanda:जिला के बड़गांव मुशहरी गांव में रविवार देर शाम एक मामूली शराब विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुस्से और नशे में चूर दबंगों ने एक अधेड़ को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय चंदेश्वर मांझी के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, रविवार को होटल बंद रहने के कारण वह गांव आए थे। इसी दौरान पड़ोसी वीरेश मांझी के घर शराब पीने पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि वीरेश मांझी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चंदेश्वर मांझी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक के बेटे गोपाल कुमार का कहना है कि यह सुनियोजित हमला था और आरोपी लंबे समय से अवैध शराब के धंधे में लिप्त है। वहीं पुलिस का कहना है कि सुबह ही दोनों के बीच शराब को लेकर कहासुनी हुई थी, जो शाम को हिंसक झड़प में बदल गई।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा। फिलहाल मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब और उससे जुड़े विवाद किस तरह आम जिंदगी को मौत के मुहाने तक पहुंचा रहे हैं। गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय