Bihar News: पार्किंग विवाद में खूनी वारदात, पड़ोसी ने के सिर में मारी गोली, दशहरा मनाने आया था घर

Bihar News: पार्किंग को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया।

Nalanda Murder Man Shot Dead
पार्किंग विवाद में खूनी वारदात- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले में पार्किंग को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में 47 वर्षीय सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जगदीश महतो के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

दो ई-रिक्शा हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मृतक के भाई डेविड कुमार के मुताबिक, उनके घर तक जाने वाली गली काफी संकरी है। गली में पहले से दो ई-रिक्शा खड़े थे, जिस कारण बाइक लेकर घर तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। इसी को लेकर ई-रिक्शा हटाने के लिए कहा गया। आरोप है कि इस बात पर पहले तीखी बहस हुई और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष की ओर से गोली चला दी गई। गोली सुनील कुमार के सिर में लगी, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल सुनील को हरनौत रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे।

बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हरनौत रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सुनील कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दशहरा मनाने तीन दिन पहले गांव आया था सुनील

परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार दूसरे प्रदेश में रहकर वाहन चलाने का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। दशहरा पर्व पर परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए वह महज तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। लेकिन त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पार्किंग को लेकर हुए विवाद में उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

बिहारशरीफ सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि पड़ोसी के साथ बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद में गोली मारकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। डीएसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।