Bihar Crime: दिगंबर जैन धर्मशाला में बैंगलोर के चार पर्यटकों की रहस्यमयी मौत, राजगीर में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे संगीन सवाल
Bihar Crime: राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला में ठहरे बैंगलोर से आए चार पर्यटकों की संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।....
Bihar Crime: बिहार के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल राजगीर से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज़ खबर सामने आई है, जिसने न सिर्फ स्थानीय प्रशासन बल्कि पर्यटन सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला में ठहरे बैंगलोर से आए चार पर्यटकों की संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और पूरे मामले को रहस्यमयी मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक पर्यटक बैंगलोर के रहने वाले थे और धार्मिक भ्रमण के उद्देश्य से राजगीर पहुंचे थे। सभी पर्यटक दिगंबर जैन धर्मशाला के एक ही कमरे में ठहरे हुए थे। जब काफी देर तक उनके कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो धर्मशाला प्रबंधन को शक हुआ। दरवाजा खोलते ही अंदर का मंजर देख लोगों के होश उड़ गए। चारों पर्यटक बेहोशी की हालत में पड़े थे, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मौके को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। कमरे से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के असल कारणों से पर्दा उठ सके।
घटना की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस, वरीय अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। वहीं, मृतकों के परिजनों को बैंगलोर में सूचना दे दी गई है, जिनके राजगीर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद राजगीर में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। श्रद्धा और सुकून की तलाश में आए सैलानियों के लिए क्या राजगीर अब भी सुरक्षित है? या फिर सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागज़ों तक सीमित है? फिलहाल, राजगीर में सन्नाटा पसरा है, धर्मशाला के बाहर पुलिस का पहरा है और पूरे इलाके में एक ही सवाल गूंज रहा है चार जिंदगियां यूं अचानक कैसे बुझ गईं? जवाब अब जांच के पन्नों में कैद है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय