Bihar Crime:सनकी पति का खूनी खेल, ईंट-पत्थर से कूच-कूच कर पत्नी का किया कत्ल, शादी के घर में पसरा मातम

Bihar Crime: एक सनकी पति ने मामूली घरेलू विवाद को खूनी अंजाम देते हुए अपनी ही पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।...

Nalanda Obsessed Husband Kills Wife Brutally with Bricks
सनकी पति की करतूत- फोटो : reporter

Bihar Crime: नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित गड़ेरिया बेलदारीबिगहा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने मामूली घरेलू विवाद को खूनी अंजाम देते हुए अपनी ही पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस दरिंदगी भरी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं शादी वाले घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार और मातम छा गया है।

मृतका की पहचान लल्लू बिंद की पत्नी सोनमंती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार में 25 अप्रैल को ननद की शादी थी, जिसे लेकर घर में पूजा-अर्चना और तैयारियों का माहौल था। लेकिन इसी बीच एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक मोड़ ले लिया।

मृतका के 11 वर्षीय बेटे क्रिश कुमार ने जो आपबीती सुनाई, वह रूह कंपा देने वाली है। उसके मुताबिक, रविवार की देर शाम जब उसकी मां मंदिर से पूजा कर घर लौटी, तभी पिता ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर वह पड़ोसी के घर में छिप गई, लेकिन आरोपी पति का गुस्सा यहीं नहीं थमा।

बताया जाता है कि आरोपी दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और बाल पकड़कर महिला को फिर से बेरहमी से पीटने लगा। जब वह बेहोश होकर गिर पड़ी, तब भी दरिंदे पति का कहर जारी रहा। वह उसकी छाती पर बैठ गया और पास में पड़े सिलबट्टे से सिर और सीने पर ताबड़तोड़ वार करता रहा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

इस खौफनाक क़त्ल के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही बेन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रवि राज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का विस्तृत खुलासा होगा।

फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर रिश्तों के खूनी सच को उजागर कर दिया है, जहां गुस्से और सनक ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय