Bihar Crime News: कलयुगी बेटों का खौफनाक कांड, मां का गला रेतकर ली जान, इलाके में सनसनी

Bihar Crime News: जमीन और मकान के कुछ हिस्से के लालच में कथित तौर पर दो बेटों ने अपनी ही मां की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी।

Nalanda Sons Kill Mother Over Property Dispute
मां की हत्या से भड़का गुस्सा- फोटो : reporter

Nalanda:  जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बदौरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। महज जमीन और मकान के कुछ हिस्से के लालच में कथित तौर पर दो बेटों ने अपनी ही मां की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मृतका की पहचान जिलवी देवी के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद की पत्नी थीं। वह मूल रूप से भाषीन बिगहा की रहने वाली थीं, लेकिन वर्तमान में अपने मायके बदौरा गांव में रह रही थीं। परिजनों का आरोप है कि उनके बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार और मंझले बेटे रविशंकर कुमार के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जो लगातार हिंसक रूप लेता जा रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बेटों का अपनी मां से जमीन को लेकर अक्सर झगड़ा होता था और कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी थी। मृतका पहले से ही इस विवाद को लेकर मानसिक रूप से डरी-सहमी रहती थीं। चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने बीते शनिवार को ही चंडी थाना पहुंचकर पुलिस से अपनी जान को खतरे की आशंका जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी।आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती, तो शायद यह दर्दनाक घटना टल सकती थी। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प और तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी संजय कुमार जायसवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और आरोपित बेटों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय