Bihar Crime: ज्वेलर्स कारोबारी पर अपराधियों ने की फायरिंग, कान के पास से निकली गोली, बैग लूट कर हो गए फरार

Bihar Crime:अपराधियों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए ज्वेलर्स कारोबारी को निशाना बनाया।

Nawada Jeweller Robbed Firing
ज्वेलर्स कारोबारी पर अपराधियों ने की फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले के हिसुआ में अपराधियों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए ज्वेलर्स कारोबारी को निशाना बनाया। सोमवार देर शाम पांचू कचहरी के पास दुकान बंद कर घर लौट रहे सोना-चांदी व्यवसायी प्रमोद वर्मा को चार अपराधियों ने घेर लिया और झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। वारदात के बाद अपराधियों ने भागते समय फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। गनीमत रही कि कारोबारी ने समय रहते जमीन पर लेटकर अपनी जान बचा ली।बताया जा रहा है कि चारों अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने पांचू कचहरी के निकट प्रमोद वर्मा को घेर लिया और अचानक उनका बैग छीन लिया। व्यवसायी के मुताबिक बैग में करीब 9 से 10 हजार रुपये ही थे। बैग छीनने के बाद अपराधियों ने भागने के दौरान गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

कान के बेहद करीब से निकली गोली

फायरिंग होते ही प्रमोद वर्मा ने बिना वक्त गंवाए जमीन पर लेटकर खुद को बचाया। इसी दौरान एक गोली उनके कान के बेहद करीब से निकल गई। जमीन पर गिरने की वजह से उन्हें मामूली चोट भी लगी, लेकिन गोली लगने से उनकी जान बच गई।अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग जब घरों और दुकानों से बाहर निकलने लगे और घटनास्थल पर लोगों की हलचल बढ़ी तो अपराधी दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की अपराधियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ राहुल सिंह और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि ज्वेलर्स कारोबारी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी चार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेरकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूट के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी को भी खंगाला जा रहा है।

वारदात के बाद इलाके में दहशत

फायरिंग और लूट की इस घटना के बाद हिसुआ के पांचू कचहरी इलाके में खौफ का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं की वजह से कारोबारियों और आम लोगों में चिंता बढ़ रही है। फिलहाल पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों को दबोचने के लिए कार्रवाई में जुटी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार