Bihar Crime: शौहर ने पत्नी पर चाकू से किया ताबड़तोड़ वार, लहूलुहान हालत में अस्पताल रेफर, आरोपी की तलाश तेज

Bihar Crime: नवादा जिले में घरेलू विवाद ने उस वक्त खूनी शक्ल अख्तियार कर ली, जब एक शौहर ने अपनी ही बीवी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

Nawada Man Stabs Wife Multiple Times Woman Critical
शौहर ने पत्नी पर चाकू से किया ताबड़तोड़ वार- फोटो : News4Nation

Bihar Crime: नवादा जिले में घरेलू विवाद ने उस वक्त खूनी शक्ल अख्तियार कर ली, जब एक शौहर ने अपनी ही बीवी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत, गुस्सा और बेचैनी का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है।

नवादा जिले में एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बनिया बीघा गांव में बुधवार को हुई।घायल महिला की पहचान 27 वर्षीय तमन्ना बेगम के रूप में हुई है। हमलावर पति का नाम जहांगीर आलम बताया जा रहा है। तमन्ना बेगम का ससुराल थाली थाना क्षेत्र के छोटकी थली गांव में है।जानकारी के अनुसार, जहांगीर आलम गुजरात में काम करता था और अपनी पत्नी को भी साथ रखता था। वहां वह अक्सर तमन्ना के साथ मारपीट करता था। इस प्रताड़ना से परेशान होकर तमन्ना बेगम करीब एक वर्ष से अपने मायके बनिया बीघा में रह रही थी। दोनों की शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी की उम्र करीब 8 वर्ष है।

परिजनों ने बताया कि बुधवार को जहांगीर आलम चुपके से अपने ससुराल पहुंचा। उस समय तमन्ना बेगम घर का काम कर रही थी। इसी दौरान उसने पीछे से आकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तमन्ना बेगम के सीने में गंभीर जख्म हुआ है, जबकि जांघ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चाकू के कई वार किए गए।

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल तमन्ना बेगम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और हालत नाजुक होने के कारण उसे सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और लंबे समय से चल रहे घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।



रिपोर्ट- अमन कुमार