Bihar Crime: पूर्व मुखिया के घर लाखों की चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर, सोना-चांदी और नकदी लेकर हुए फरार

Bihar Crime: नवादा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं।...

Nawada Thieves Loot Ex Mukhiya Home Panic Spreads
पूर्व मुखिया के घर लाखों की चोरी- फोटो : reporter

Bihar Crime:  नवादा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। वारसलीगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में रविवार की रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है। चोरों ने पूर्व मुखिया पवन कुमार के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान घर के मालिक और उनकी पत्नी छत पर सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया पवन कुमार अपनी पत्नी के साथ रविवार रात घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान शातिर चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और नीचे के कमरों में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। पूरी वारदात को इतनी सफाई और खामोशी से अंजाम दिया गया कि किसी को कोई आहट तक नहीं हुई।

सुबह जब पवन कुमार और उनकी पत्नी नीचे पहुंचे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी सहित कई जगहों पर चोरी के निशान दिखाई दे रहे थे। जांच करने पर पता चला कि चोर 25 हजार रुपये नकद, करीब 12 भर सोना और लगभग 20 भर चांदी के आभूषण लेकर फरार हो चुके हैं।

पूर्व मुखिया पवन कुमार ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती है। उन्होंने कहा कि घर में केवल दो लोग मौजूद थे और चोर बेखौफ होकर अंदर घुसे, सामान समेटा और फरार हो गए। इससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वारसलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इस घटना के बाद राजपुर गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट- अमन कुमार