Bihar Crime: नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप! अवैध संबंध, दहेज और हत्या के आरोपों ने बढ़ाया सस्पेंस
Bihar Crime: मृतका के भाई ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बहनोई का अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध था
Bihar Crime:नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित साहेबगंज गांव में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका सुनीता कुमारी की मौत के बाद परिजनों ने इसे सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुनीता कुमारी की शादी करीब आठ वर्ष पहले सुभाष चौधरी के साथ हुई थी। सुभाष ग्रामीण क्षेत्र में प्राइवेट चिकित्सक के रूप में कार्य करते हैं। दंपति के दो बच्चे भी हैं। अचानक हुई सुनीता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मिल सकेगा।मृतका के भाई सोनू ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सुभाष चौधरी का अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध था। उनका दावा है कि सुनीता इस रिश्ते का लगातार विरोध करती थी, जिसके कारण उसे प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही बुलेट मोटरसाइकिल और नकद रुपये की मांग की जाती रही थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर सुनीता को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।परिवार के मुताबिक, 17 जून को आयोजित मध्य निषेध परीक्षा में शामिल होने के लिए सुभाष चौधरी ने स्वयं मायके वालों को फोन कर सुनीता को परीक्षा दिलाने की बात कही थी। परीक्षा देने के बाद जब शुक्रवार को वह अपने ससुराल लौटी, तो पति ने उसके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना दी गई। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों का दावा है कि शव के गाल पर चोट या दबाव के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। इस मामले में परिवार ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए पति सुभाष चौधरी को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।फिलहाल यह मामला संदेह, आरोपों और पारिवारिक विवादों के बीच उलझा हुआ है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि स्थानीय लोग और मृतका के परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट- अमन कुमार