जिसके लिए छोड़ा पति और परिवार, उसी ने छीन ली जिंदगी... ट्रॉली बैग में मिली नवादा की विवाहिता की लाश

जिस प्रेमी के साथ उसने नया जीवन शुरू करने का सपना देखा था, उसी ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बीते दिनों किसी विवाद में ऋषभ ने छोटी की हत्या कर दी। उसने पहचान छुपाने और शव ठिकाने लगाने के लिए उसे एक बड़े ट्रॉली बैग में ठूंस दिया।

Nawada Woman Murdered
Nawada Woman Murdered- फोटो : news4nation

Bihar News :  नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव की विवाहिता छोटी कुमारी का अंत बेहद दर्दनाक रहा। करीब दो साल पहले उसने अपने पति, परिवार और घर को छोड़कर उसी गांव के प्रेमी ऋषभ कुमार के साथ भागकर केंद्र शासित प्रदेश दमन चली गई थी। दोनों ने वहां किराये का कमरा लेकर पति-पत्नी की तरह रहना शुरू कर दिया था। परिजनों ने तब रोह थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन छोटी वापस नहीं लौटी।


अब जिस प्रेमी के साथ उसने नया जीवन शुरू करने का सपना देखा था, उसी ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बीते दिनों किसी विवाद में ऋषभ ने छोटी की हत्या कर दी। उसने पहचान छुपाने और शव ठिकाने लगाने के लिए उसे एक बड़े ट्रॉली बैग में ठूंस दिया। बैग को बाहर ले जाने की कोशिश में असफल रहने के बाद उसने कमरे का ताला बंद कर दिया और फरार हो गया।


कई दिनों तक बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। मकान मालिक ने दमन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़ा तो अंदर रखे बैग से छोटी कुमारी का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान नवादा के मनीष उपाध्याय की पुत्री के रूप में हुई। दमन पुलिस ने नवादा पुलिस के जरिए परिजनों को सूचना दी। परिवार के सदस्य दमन पहुंच गए हैं।


सिउर गांव में खबर फैलते ही कोहराम मच गया। दमन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ऋषभ कुमार फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस हत्या की मुख्य वजह और सटीक तारीख का पता लगाने में जुटी है। प्रेम के नाम पर परिवार छोड़ने वाली इस युवती की कहानी रोंगटे खड़े कर देने वाली है।

अमन की रिपोर्ट