पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम: शादी विवाद का बदला लेने के लिए युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
Bihar Crime : बिहार के नवादा जिले में एक पुरानी दुश्मनी में युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। 4-5 अपराधियों ने उसे बाजार जाते समय घेरकर चाकू से गोद डाला। युवक का अस्पताल मे इलाज चल रहा है.....
Nawada : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़िया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को सरेआम चाकुओं से गोद दिया गया। गांव में एक साल पहले शादी समारोह के दौरान हुए एक मामूली विवाद का बदला लेने के लिए इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है। उमाकांत कुमार के पुत्र छोटू कुमार पर रविवार को उस समय जानलेवा हमला हुआ, जब वह अपने घर से बाजार के लिए निकला था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 4-5 अज्ञात अपराधियों ने उसे घेर लिया और बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया।
बीच रास्ते में ताबड़तोड़ चाकू मारकर किया अधमरा
पीड़ित परिवार के मुताबिक, छोटू कुमार रविवार को घरेलू सामान की खरीदारी (मार्केटिंग) करने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे रोका और पहले लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जब छोटू ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने अपने पास रखे धारदार चाकू से उसके शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। लहूलुहान होकर छोटू वहीं जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों को जुटते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, सदर अस्पताल में इलाज जारी
चीख-पुकार सुनकर दौड़े आस-पास के ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए गंभीर रूप से घायल छोटू कुमार को तुरंत नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने उसे भर्ती कर फौरन इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की हालत बेहद चिंताजनक और नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई और कोहराम मच गया।
पिता का आरोप: 'पूरी तैयारी के साथ हत्या करने की नीयत से आए थे हमलावर'
घायल युवक के पिता उमाकांत कुमार ने रोते हुए बताया कि ठीक एक साल पहले गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान उनके बेटे का कुछ लड़कों से बहुत मामूली बात पर विवाद हुआ था। विपक्षी उसी रंजिश को मन में दबाकर बैठे थे और मौका मिलते ही सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हमला कर दिया। पिता ने आरोप लगाया कि हमलावरों की नीयत उनके बेटे की हत्या करने की ही थी। अगर समय पर ग्रामीण वहां नहीं पहुंचते, तो उनका बेटा आज जिंदा नहीं बचता।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही मुफस्सिल थाना पुलिस, इलाके में दहशत
इस खूनी वारदात के बाद पकड़िया गांव और आस-पास के पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और बाजार के रास्ते में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट