LATEST NEWS

Cyber Crime : ओटीपी शेयर नहीं किया, फिर भी ठगों ने भाजपा नेता के खाते से उड़ा लिए 1 लाख

Cyber Crime : झारखंड के गुमला में भाजपा नेता मंगल सिंह भोगता के साथ साइबर ठगी की घटना सामने आई है, जिसमें उनके खाते से 1 लाख रुपये निकाल लिए गए।

cyber crime | jharkhand news

झारखंड के गुमला शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और भाजपा नेता मंगल सिंह भोगता साइबर ठगों का शिकार हो गए। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गुमला शाखा के उनके बचत खाते से 12 और 14 मार्च को दो अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख रुपये निकाल लिए गए। मंगल सिंह भोगता ने बताया कि 12 मार्च को उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया, लेकिन उन्होंने न तो उसे खोला और न ही किसी से शेयर किया। इसके बावजूद उनके खाते से दो किस्तों में 50-50 हजार रुपये कट गए।



बैंक बंद होने के कारण नहीं मिल पाई जानकारी

भाजपा नेता ने बताया कि 12 मार्च को बैंक बंद था, जिसके कारण वे बैंक जाकर जानकारी नहीं ले सके। चूंकि वे व्यवसाय से जुड़े हैं और अक्सर चेक के माध्यम से लेन-देन करते हैं, इसलिए वे गड़बड़ी को तुरंत नहीं भांप सके। होली की छुट्टियों और व्यस्तता के कारण वे बैंक से भी संपर्क नहीं कर सके।


साइबर हेल्पलाइन से कॉल कनेक्ट नहीं हुआ 

घटना के बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दिनभर कॉल व्यस्त रही और संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद 20 मार्च को जब वे बैंक गए और डिटेल ली, तो पता चला कि मुंबई के दो खातों में रकम ट्रांसफर हुई है। भाजपा नेता ने तत्काल अपना खाता ब्लॉक कराया और गुमला थाने में साइबर अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


मुंबई में हुए ट्रांजेक्शन की जांच जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी ट्रैकिंग और जांच शुरू कर दी है। उम्मीद है कि जल्द ही साइबर ठगों का पता लगा लिया जाएगा। 

Editor's Picks