खेलते-खेलते गायब हुआ बच्चा, गोपालगंज में 7 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या के बाद दहशत

गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में सात साल के मासूम अनुज कुमार की हत्या से सनसनी फैल गई है।

खेलते-खेलते गायब हुआ बच्चा, गोपालगंज में 7 साल के मासूम की ब

Bihar News :  बिहार के गोपालगंज जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मीरगंज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में सात साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्चे का शव उसके ही घर के बाहर वर्षों से खड़ी एक कबाड़ कार से बरामद हुआ। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बच्चे के चेहरे को जलाने की भी कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।


मृतक की पहचान अनुज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम अनुज घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग और ग्रामीण रातभर बच्चे को खोजते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिजनों ने मीरगंज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।


अगली सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान घर के बाहर खड़ी एक पुरानी कबाड़ कार की जांच की गई। कार का दरवाजा खोलते ही अंदर अनुज का शव मिला। शव की स्थिति बेहद दर्दनाक थी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के बाद आरोपी पहचान छिपाने के लिए बच्चे के चेहरे को जलाने की कोशिश कर रहे थे।


घटना की सूचना मिलते ही हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शव का घर के इतने करीब मिलना इस बात की ओर संकेत करता है कि आरोपी इलाके से परिचित हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और संदिग्ध लोगों से पूछताछ के जरिए मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।


एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने मासूम अनुज के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट