Patna Crime: पटना में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, पथराव में सिपाही और ड्राइवर घायल, इलाके में तनाव

Patna Crime: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों का दुस्साहस उस वक्त खुलकर सामने आ गया, जब मद्य निषेध विभाग की टीम पर जमकर पथराव कर दिया गया।...

patna Barh Mob Attacks police Team During Hotel Raid Governm
पटना में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों का दुस्साहस उस वक्त खुलकर सामने आ गया, जब मद्य निषेध विभाग की टीम पर जमकर पथराव कर दिया गया। मामला करनौती पंचायत के रानीसराय गांव स्थित पासवान टोला का है, जहां शराब बिक्री और सेवन की गुप्त सूचना पर पहुंची टीम अचानक हिंसक भीड़ के निशाने पर आ गई।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम मद्य निषेध इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद को सूचना मिली थी कि इलाके के एक होटल में खुलेआम शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने दबिश दी। जांच शुरू होते ही वहां मौजूद कुछ लोग भड़क उठे और अधिकारियों के साथ अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक भीड़ उग्र हो गई और मद्य निषेध टीम पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। हमले में सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ड्राइवर कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज घायल हो गए। घायल दोनों कर्मियों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया।

घटना की खबर मिलते ही भारी पुलिस बल पहुंची। पुलिस अब पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान में जुट गई है। इस मामले में बख्तियारपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

इधर, मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब होटल संचालक के परिवार ने मद्य निषेध टीम पर मनमानी और मारपीट का आरोप लगाया। रूना देवी का कहना है कि टीम बिना सूचना घर में घुस आई और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।