निर्मम हत्या से दहला पटना, ईंट-पत्थर से कुचलकर युवक की बेरहमी से हत्या, आरोपी की तलाश जारी

Bihar Crime:सुबह-सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।शव को देखकर इलाके में खौफ और सनसनी का माहौल बन गया।...

Patna Brutal Murder
निर्मम हत्या से दहला पटना- फोटो : reporter

Bihar Crime: पटना के मसौढ़ी इलाके में उस वक्त दहशत फैल गई, जब सुबह-सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। बेलौटी गांव की सुनसान जमीन पर पड़े इस शव को देखकर इलाके में खौफ और सनसनी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अज्ञात बदमाशों ने युवक की ईंट-पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात का तरीका इतना दरिंदगी भरा था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। शव के आसपास बिखरे खून के निशान इस बात की गवाही दे रहे थे कि हमलावरों ने किसी रंजिश या साजिश के तहत इस कत्ल को अंजाम दिया।

घटना की खबर मिलते ही मसौढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की असली वजह पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।

सूत्रों का कहना है कि यह मामला आपसी दुश्मनी, पुरानी रंजिश या किसी आपराधिक साजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि इस कत्ल की गुत्थी को जल्द से जल्द सुलझाया जा सके।

इस खौफनाक वारदात के बाद बेलौटी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और कत्ल के पीछे छिपे चेहरे बेनकाब होंगे। फिलहाल, हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर इस बेरहम हत्या के पीछे कौन है और इसकी असली वजह क्या है।

रिपोर्ट- सुजीत कुमार