N4N डेस्क : बिहार में अपराधियों का तांडव रुकने का नाम नहीं ले रहा है. इसी क्रम पटना जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत शहरी गांव में एक वृद्ध महिला की हत्या का मामला सामने आया है। जहाँ सुबह सबेरे जब पड़ोस की एक महिला नैना देवी मृतका के घर पहुंची और आवाज लगाई तो उन्हें कोई उत्तर नहीं मिला. जिसके बाद घर के अंदर जाकर देखा तो वृद्ध महिला मृत पड़ी थी। महिला का एक बेटा है जो अपनी पत्नी के साथ बाहर रहता है। महिला बर्षो से घर में अकेली रहती थी। महिला की पहचान सत्तर वर्षीय रामकुमारी देवी के तौर पर हुई है।
पड़ोसी नैना देवी ने बताया कि वृद्ध महिला अकेली घर में रहती थी और जीविकोपार्जन के लिए बकरी पालन करती थी। सुबह वह घर से बाहर नही आई जिसके बाद उनके घर पहुंची। घर में जाकर आवाज देने पर वृद्ध महिला ने कोई जवाब नहीं दिया जिसके बाद उनके कमरे में पहुंची जहां वह मृत पड़ी थी और गले कटा हुआ था। पास में एक ब्लेड रखा हुआ था। जिसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई।
एएसपी-1 राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। शव के पास बल्ड का सैंपल गिरा हुआ था। और धारदार हथियार से वृद्ध महिला पर वार किया गया है। मौके से बायोलॉजिकल और फिजिकल एविडेंस को विधिवत जब्त किया गया है। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट