EOU की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई संतोष डॉन समेत कई करीबियों के 25 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी ,25 से अधिक टीमें, कई जिलों में एक साथ एक्शन में हुए कई खुलासे
EOU की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई संतोष डॉन समेत कई करीबियों के 25 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
EOU RAID:बिहार में संगठित अपराध और अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले माफियाओं के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने एक साथ प्रदेश के 25 ठिकानों पर जोरदार छापेमारी की है। इस महा-ऑपरेशन से पूरे राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
इस पूरी कार्रवाई का मुख्य केंद्र पटना जिले का खुसरूपुर प्रखंड बना हुआ है। यहाँ EOU की विशेष टीम ने स्थानीय पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख के पति संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के कई ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। संतोष डॉन पर संगठित अपराध के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध संपत्ति बनाने का आरोप है।
जांच का दायरा सिर्फ संजय कुमार तक सीमित नहीं है। EOU के सूत्रों के मुताबिक, उनके कई करीबी रिश्तेदार और कुछ अन्य रडार पर आए जनप्रतिनिधि भी इस जांच के दायरे में हैं। इन सभी लोगों के ठिकानों पर भी सुबह से ही तलाशी जारी है। टीम बैंक खातों, जमीनी दस्तावेजों और बेनामी संपत्तियों से जुड़े कागजात खंगाल रही है।
इस महा-छापेमारी को अंजाम देने के लिए EOU ने पूरी गोपनीयता और सुरक्षा के साथ 25 से अधिक विशेष टीमों को मैदान में उतारा है। बिहार के कई जिलों में यह कार्रवाई एक साथ चल रही है, ताकि आरोपियों को संभलने या सबूत छिपाने का कोई मौका न मिले।
बड़ी बात: संगठित अपराध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आर्थिक अपराध इकाई द्वारा की गई यह अब तक की सबसे व्यापक और सुनियोजित कार्रवाई मानी जा रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद भारी मात्रा में बेनामी संपत्ति और नकदी का खुलासा हुआ है।
Report...Ranjit kumar