Patna Crime:पटना में जमकर हुआ बवाल,पुलिस पर बरसे पत्थर,कई गाड़ियों को लोगों ने फूंका,इलाके में जबरदस्त तनाव
Patna Crime: उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी जमकर पथराव किया गया। ...
Patna Crime: राजधानी पटना में उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी जमकर पथराव किया गया। पटना के पटनासिटी इलाके में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब एक विवादित जमीन की घेराबंदी को लेकर ग्रामीणों और जमीन पर काम करा रहे लोगों के बीच हिंसक टकराव हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि पत्थरबाज़ी, मारपीट, आगजनी और फायरिंग तक की नौबत आ गई। उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी जमकर पथराव किया गया। हालात ऐसे हो गए कि पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।
पूरा मामला दिदारगंज थाना क्षेत्र के निजामपुर इलाके का है, जहां रेलवे लाइन से सटे लगभग 22 बीघा जमीन पर घेराबंदी का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात मजदूर और कुछ लोग जेसीबी एवं अन्य मशीनों के जरिए जमीन की घेराबंदी करा रहे थे। तभी आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और काम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने जमीन पर काम कर रहे लोगों पर हमला बोल दिया। मजदूरों और कर्मचारियों की पिटाई की गई, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई लोग मौके से भाग निकले। इसी दौरान गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई और कई वाहनों को आग लगा दी गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।बताया जा रहा है कि इस जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि यह जमीन मठ की संपत्ति है और भू-माफिया उस पर जबरन कब्जा करना चाहता है। वहीं दूसरी ओर, जमीन पर घेराबंदी करा रहे लोग खुद को वैध मालिक बता रहे हैं। इसी तनातनी के कारण पहले भी कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं और तनाव की स्थिति बनी रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दिदारगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश करने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नदी थाना की पुलिस को भी बुलाया गया। लेकिन इसी दौरान माहौल और बिगड़ गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ही पथराव शुरू कर दिया। चारों तरफ से घिरी पुलिस टीम को हालात बेकाबू होते देख पीछे हटना पड़ा।मौके पर मौजूद कामगारों ने दावा किया कि उपद्रवियों ने न सिर्फ तोड़फोड़ और आगजनी की, बल्कि कई राउंड फायरिंग भी की गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस भूखंड को लेकर लगातार हिंसा हो रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। अगर समय रहते प्रशासन ने गंभीर हस्तक्षेप नहीं किया, तो भविष्य में कोई बड़ा खूनी संघर्ष हो सकता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और उपद्रवियों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो खंगाले जा रहे हैं। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
रिपोर्ट- रजनीश कुमार