पटना में टपका गैंग का पर्दाफाश, नकली सोने के बिस्किट से लोगों को बनाते थे शिकार, तीन जालसाज गिरफ्तार

Patna Crime: पटना सिटी में सक्रिय ठगों के एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...य

Patna Fake Gold Scam Gang Busted 3 Arrested
टपका गैंग का पर्दाफाश- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना सिटी में सक्रिय ठगों के एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 'टपका गैंग' के नाम से सक्रिय यह गिरोह सड़क पर नकली सोने के बिस्किट गिराकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन नकली सोने के बिस्किट और ठगी में इस्तेमाल किया जाने वाला एक ऑटो जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के लंबे समय से सक्रिय रहने की बात सामने आई है।

पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (सिटी-1) राज किशोर सिंह ने बताया कि अगमकुआं और आसपास के इलाकों से लगातार ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गिरोह पर नजर रखी और गुप्त सूचना मिलने के बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस ने शनिचरा स्थान के पास छापेमारी की। इस दौरान सबसे पहले मोहम्मद आजाद को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्य मोहम्मद तसलीम और मोहम्मद नसरुद्दीन को भी दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑटो से विभिन्न इलाकों में घूमते थे और सड़क पर सोने जैसा दिखने वाला नकली बिस्किट गिरा देते थे। इसके बाद किसी राहगीर को यह कहकर झांसे में लेते थे कि यह असली सोना है, जिसे वे मजबूरी में कम कीमत पर बेच रहे हैं। लालच में आकर कई लोग उनकी बातों में फंस जाते थे और नकली बिस्किट खरीदकर ठगी का शिकार बन जाते थे।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस तरीके से लोगों को ठगने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने किन-किन इलाकों में ऐसी वारदातों को अंजाम दिया और इनके साथ कितने अन्य लोग जुड़े हुए हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर मिले सोने या किसी भी कीमती सामान के नाम पर दिए जाने वाले लालच में बिल्कुल न आएं। यदि कोई व्यक्ति इस तरह का संदिग्ध सौदा करने की कोशिश करे, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे शातिर ठगों पर समय रहते शिकंजा कसा जा सके।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार