Patna Murder: पटना में धांय- धांय, युवक की गोलियों से भूनकर हत्या, दोस्त के साथ निकला था घूमने, एक घंटे बाद मिली लाश, इलाके में सनसनी

Patna Murder: बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

Patna Gas Vendor Shot Dead Bike Borne Assailants on Run
पटना में धांय- धांय- फोटो : reporter

Patna Murder:राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला दानापुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां रविवार देर रात एक गैस वेंडर की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री रोड स्थित तक्षशिला कॉलोनी के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय इंदल साव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के बनसपति गांव का निवासी था। वह दानापुर के गोला रोड स्थित बैंक कॉलोनी में रहकर एलपीजी गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करता था।

परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे इंदल अपनी दुकान के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका एक परिचित बाइक से वहां पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद इंदल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई। इसके कुछ ही देर बाद तक्षशिला कॉलोनी के पास अपराधियों ने उसे गोलियों से छलनी कर दिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इंदल पर तीन गोलियां दागीं। एक गोली उसके सीने में, दूसरी पसली के पास और तीसरी हाथ में लगी। गंभीर चोटों के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और गोली का एक खोखा बरामद किया गया है। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट