Patna Crime: पटना में बच्चों के अपहरण की कोशिश से हड़कंप! बोलेरो सवार बदमाशों के चंगुल से पुलिस ने बचाया, खाकी की मुस्तैदी से बची बड़ी वारदात

Patna Crime: पटना में तीन मासूम बच्चों के कथित अपहरण की कोशिश ने पूरे इलाके को दहला दिया।....

Patna Kidnapping Attempt Foiled Police Rescue Three Children
पटना में बच्चों के अपहरण की कोशिश से हड़कंप!- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना में  तीन मासूम बच्चों के कथित अपहरण की कोशिश ने पूरे इलाके को दहला दिया।  पालीगंज अनुमंडल के अंतर्गत इमामगंज थाना क्षेत्र स्थित मुगीला गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां तीन मासूम बच्चों के कथित अपहरण की कोशिश ने पूरे इलाके को दहला दिया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के कारण तीनों बच्चे सुरक्षित बरामद कर लिए गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मुगीला गांव के रहने वाले शंभू बिंद और अरविंद बिंद के तीन बच्चे रात में शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी में सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन उठा लिया और तेज रफ्तार में अरवल की ओर भागने लगे। अचानक हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि उसी दौरान पटना-अरवल बॉर्डर पर स्थित अतौलह गांव के पास किंजर थाना पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। चेकिंग देखकर बोलेरो सवार बदमाश घबरा गए और पकड़ में आने के डर से तीनों बच्चों को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सड़क किनारे रोते हुए बच्चों को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इमामगंज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिवार में राहत की सांस तो आई, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्चों को संभवतः नशीला पदार्थ खिलाया गया था, क्योंकि तीनों बच्चे बेहोशी या नशे जैसी हालत में पाए गए। इनमें से एक बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि बदमाशों ने बच्चों के साथ मारपीट भी की, जिसके कारण शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

रोशन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों को बरामद कर लिया। उन्होंने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार बोलेरो और उसमें सवार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से भले ही बड़ा हादसा टल गया हो, लेकिन पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।