Patna Crime: पटना बना जंग का मैदान! बीच सड़क युवक को बेरहमी से पीटा, घसीट-घसीटकर की मारपीट का वीडियो वायरल
Patna Crime: पटना में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ...
Patna Crime: पटना में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राजीवनगर थाना क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते और सड़क पर घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला 27 मई का बताया जा रहा है। घटना राजीवनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-8 के पास की है, जहां जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जबरदस्त टकराव हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने करीमन गोप नामक व्यक्ति को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से पीट रहे हैं। इतना ही नहीं, उसे घसीटते हुए भी नजर आ रहे हैं।वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने दावा किया कि विवाद के दौरान फायरिंग भी हुई थी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे को फिलहाल खारिज कर दिया है।
पटना पुलिस के अनुसार राजीवनगर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद और फायरिंग की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित पक्ष से आवेदन लिया जा रहा है और मामले की कानूनी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर जमीन विवाद के मामलों में लोग कानून को हाथ में लेने से क्यों नहीं हिचक रहे। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने और दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार