Patna News: प्रेमी को पाने के लिए थाने में आपस में भिड़ीं दो युवतियां, प्रेमिका ने काट ली सौतन जैसी दोस्त की नाक, कहानी फिल्मी है...

Patna News: इश्क, इल्जाम और आपसी रंजिश का ऐसा नजारा सामने आया, जिसने रिश्तों की उलझी हुई कहानी को सरेआम ला खड़ा किया। ....

Patna Love Triangle Drama
प्यार, पैसे और नाक की लड़ाई- फोटो : X

Patna Love Triangle Drama: पटना के गर्दनीबाग महिला थाने में शुक्रवार को इश्क, इल्जाम और आपसी रंजिश का ऐसा नजारा सामने आया, जिसने रिश्तों की उलझी हुई कहानी को सरेआम ला खड़ा किया। मामला एक युवक, उसकी कथित प्रेमिका और बचपन की दोस्त से जुड़ा है। विवाद इतना बढ़ा कि बात आरोप-प्रत्यारोप से आगे निकलकर मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि कथित प्रेमिका ने युवक की बचपन की दोस्त की नाक पर दांत से काट लिया। यानी जिस थाने में विवाद सुलझाने की उम्मीद लेकर लोग पहुंचते हैं, वहां मामला ही एक नए बखेड़े में तब्दील हो गया।

दो लाख रुपये, शादी का वादा और फिर तकरार

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से अरवल का रहने वाला युवक मसौढ़ी के एक सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। एक युवती का आरोप है कि उसका युवक के साथ करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती का दावा है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जरूरत का हवाला देकर उससे दो लाख रुपये भी ले लिए। आरोप लगाने वाली युवती के मुताबिक, जब उसने शादी की बात उठाई तो युवक कथित तौर पर बहाने बनाने लगा। बस फिर क्या था, मोहब्बत के वादों पर भरोसे की इमारत दरकने लगी और मामला महिला थाने तक जा पहुंचा। 

बचपन की दोस्त की एंट्री, विवाद में नया ट्विस्ट

बताया जाता है कि शुक्रवार को युवक खुद युवती के साथ महिला थाने पहुंचा था। इसी बीच उसकी बचपन की दोस्त अपने भाई के साथ वहां आ गई। दोस्त का कहना है कि वह युवक की मदद करना चाहती थी और उसे लगता है कि उसकी प्रेमिका उसे ब्लैकमेल कर रही है।

दूसरी ओर, आरोप लगाने वाली युवती का पक्ष अलग है। इसी विरोधाभास ने पहले से उलझे मामले को और पेचीदा बना दिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवती ने युवक की दोस्त पर हमला कर दिया और उसकी नाक पर दांत से काट लिया। इस घटना के बाद घायल युवती को गर्दनीबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

आत्महत्या की बात से बढ़ी चिंता

घटना के दौरान आरोप लगाने वाली युवती के आत्महत्या करने की बात कहते हुए यारपुर रेलवे लाइन की ओर दौड़ने की भी जानकारी मिली है। इस घटनाक्रम ने विवाद को महज प्रेम-प्रसंग की तकरार से आगे बढ़ाकर गंभीर चिंता का विषय बना दिया।महिला थानेदार के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद हुआ था और मारपीट में एक युवती की नाक पर खरोंच आई। पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में आरोपों की सच्चाई और घटना की पूरी कड़ी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

इश्क का मामला या भरोसे का इम्तिहान?

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि शादी के वादे, पैसों के लेन-देन और दोस्ती के दावों के बीच असल कहानी क्या है। किसी भी रिश्ते का फैसला मारपीट से नहीं, तथ्यों और कानून के आधार पर होना चाहिए। अब पुलिस की जांच ही बताएगी कि किसका दावा कितना सही है और विवाद की असल वजह क्या थी।