Patna Murder:मोकामा में बेखौफ बदमाशों का खूनी खेल, दालान में सो रहे व्यक्ति के सिर में मारी दो गोलियां, कॉल डिटेल बनी जांच का अहम सुराग
Patna Murder: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र के मोर गांव में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है.....
Patna Murder: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र के मोर गांव में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए 50 वर्षीय भूखन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। आधी रात हुई इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर पहलू की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भूखन यादव मंगलवार रात गांव में आयोजित एक भोज में शामिल होकर करीब 11 बजे लौटे थे। इसके बाद वह अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित दालान में सोने चले गए। बताया जाता है कि पिछले तीन वर्षों से वह दालान में ही सोते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर में रहते थे। वह केवल भोजन करने के लिए घर जाते थे।
इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने सो रहे भूखन यादव को निशाना बनाया और उनके सिर पर बेहद करीब से दो गोलियां दाग दीं। एक गोली कान को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी कनपटी में जा लगी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब उनका शव मिला, तब वह उसी अवस्था में पड़े थे, जिस स्थिति में रात को सोए थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे भूखन यादव के मोबाइल पर एक फोन कॉल आया था। उन्होंने कुछ देर तक बातचीत भी की थी। इसके बाद रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच किसी समय अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब उस कॉल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और संबंधित नंबर की गहन जांच कर रही है, क्योंकि इसे हत्या की गुत्थी सुलझाने का अहम सुराग माना जा रहा है।
सुबह करीब पांच बजे जब उनकी पत्नी दालान पहुंचीं तो पति को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखकर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हत्या के पीछे की वजह, आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं पर जांच तेज कर दी है। इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्टर-विकाश कुमार