Patna Crime: चलती ट्रेन से दबोचा गया पांडव सेना का कुख्यात सरगना, बिक्रमशिला एक्सप्रेस में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, पत्नी ने जारी किया वीडियो, पढ़िए कहा क्या...

Patna Crime: पांडव सेना के कुख्यात सरगना संजय कुमार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चलती बिक्रमशिला एक्सप्रेस सेउठा लिया है।

Patna Pandav Sena Kingpin Sanjay Kumar Held Aboard Moving Tr
चलती ट्रेन से दबोचा गया पांडव सेना का कुख्यात सरगना- फोटो : reporter

Patna Crime: बिहार के चर्चित अपराध जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पांडव सेना के कुख्यात सरगना संजय कुमार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चलती बिक्रमशिला एक्सप्रेस सेउठा लिया है। बताया जा रहा है कि संजय कुमार अपनी पत्नी पुष्पा और बच्चों के साथ नई दिल्ली के आनंद विहार से पटना आ रहा था। इसी दौरान पुलिस ने तड़के करीब तीन बजे ट्रेन में कार्रवाई करते हुए उसे अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को संजय कुमार की यात्रा की सटीक जानकारी मिल चुकी थी। बताया जा रहा है कि वह बिक्रमशिला एक्सप्रेस के बी-2 कोच की बर्थ नंबर-12 पर सफर कर रहा था। सूचना के आधार पर बिहटा पुलिस और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे ट्रेन से  लिया। इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया, ताकि आरोपी को भनक न लग सके।

घटना के बाद संजय कुमार की पत्नी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उनके पति को बिहटा पुलिस अपने साथ ले गई है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति के साथ कोई अनहोनी न हो जाए और प्रशासन से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। हालांकि, पत्नी के इन दावों की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय कुमार पर हत्या, रंगदारी, लूट समेत कई संगीन आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के रडार पर था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि वह कथित तौर पर एक संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा रहा है।

सूत्रों के अनुसार फिलहाल संजय कुमार से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसे किस मामले में हिरासत में लिया गया है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट