Patna Crime: पीएमसीएच छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी, पिता ने मकान मालिक पर लगाया हत्या का आरोप, पंखे से लटकाकर आत्महत्या दिखाने की आशंका
Patna Crime: पीएमसीएच के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।...
Patna Crime: राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में पीएमसीएच के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरत की बात यह है कि यह घटना बुद्धा कॉलोनी थाना के बेहद करीब हुई, जहां एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए मकान मालिक पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान गुड्डु राजा के रूप में हुई है, जो पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के नेत्र विभाग में सत्र 2025-27 के छात्र थे। मृतक के पिता नरेश राय ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं।आवेदन के अनुसार, गुड्डु राजा अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर गए थे और 4 जून 2026 को वापस पटना लौटे थे। परिजनों का कहना है कि उसी दिन शाम करीब चार बजे मकान मालिक हीरा चन्द्र झा ने फोन कर बताया कि गुड्डु राजा का कमरा अंदर से बंद है और वह दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। लेकिन जब परिजन पटना पहुंचे तो उन्हें कई संदिग्ध परिस्थितियां दिखाई दीं।
मृतक के पिता का आरोप है कि जिस कमरे को बंद बताया गया था, वह खुला मिला। उन्होंने दावा किया कि उनके पुत्र के मुंह पर गमछा बंधा हुआ था और शव पंखे से लटका मिला। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित सुसाइड नोट में दर्ज समय और घटनाक्रम कई सवाल खड़े करते हैं। इसी आधार पर परिजनों ने आशंका जताई है कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
परिजनों ने अपने आवेदन में मकान मालिक हीरा चन्द्र झा के साथ-साथ कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल बुद्धा कॉलोनी थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सबूतों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। यह मामला अब केवल एक संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी एक गंभीर जांच का विषय बन गया है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह वास्तव में आत्महत्या थी या फिर किसी सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या को आत्महत्या का जामा पहनाने की कोशिश की गई।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार