पटना पुलिस ने नशीले पदार्थों के बड़े रैकेट का किया खुलास, फ्लैट पर छापेमारी कर बरामद किया 304 ग्राम ब्राउन शुगर और 2 लाख से अधिक कैश

पटना पुलिस ने नशीले पदार्थों के बड़े रैकेट का किया खुलास, फ्
पटना पुलिस ने नशीले पदार्थों के बड़े रैकेट का किया खुलास- फोटो : सोशल मीडिया

Patna : राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के जकरियापुर इलाके में पुलिस ने नशीले पदार्थों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक मकान के फ्लैट में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर), लाखों रुपये नगद और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सिटी एसपी (पूर्वी) के निर्देश पर गठित विशेष टीम और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई से ड्रग तस्करों के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है. हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.


गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, बनाई गई विशेष टीम

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार रामकृष्णानगर थाना पुलिस को बीते 18 जून को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि जकरियापुर स्थित एक मकान में किराएदार के रूप में रह रहे कुछ तस्कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप जमा किए हुए हैं. सूचना के मुताबिक, ये तस्कर इन प्रतिबंधित मादक पदार्थों को बाहर के इलाकों में सप्लाई करने की बड़ी योजना बना रहे थे. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना द्वारा इस गिरोह के उद्भेदन और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया.


अखिलेश कुमार के मकान में चल रहा था तस्करी का काला खेल

जांच में यह बात सामने आई कि जकरियापुर में स्थित अखिलेश कुमार (पिता- श्यामलायक सिंह) के मकान के तीसरे तल्ले पर स्थित फ्लैट नंबर- बी (B) में तस्करी का यह काला खेल चल रहा था. इस फ्लैट में किराएदार के रूप में धनबाद (झारखंड) का रहने वाला भोला कुमार पासवान (पिता- सुरज पासवान, साकिन- सरायढेला बापू नगर, आईएसएम बापू नगर) और उसका साथी सुखलू रह रहे थे. पुलिस को मिली सटीक लोकेशन के बाद, टीम ने मजिस्ट्रेट (प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी) के साथ मिलकर देर रात उक्त ठिकाने की घेराबंदी कर अचानक धावा बोल दिया.


2.02 लाख कैश और 304 ग्राम ब्राउन शुगर देख उड़े होश

फ्लैट के कमरे की सघन तलाशी के दौरान पुलिस टीम के हाथ बड़ी कामयाबी लगी. कमरे से कुल 304.2 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी ज्यादा आंकी जा रही है. इसके अलावा पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थों की बिक्री से कमाए गए ₹2,02,000 (दो लाख दो हजार) रुपये कैश और तस्करी के नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले 05 मोबाइल फोन भी जब्त किए.


अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले मुख्य आरोपी

जिस समय पुलिस टीम ने फ्लैट पर छापा मारा, उस समय वहां अफरा-तफरी मच गई. पुलिस को अपने बेहद करीब पाकर और रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए नामजद दोनों आरोपी (भोला कुमार पासवान और सुखलू) मौके से फरार होने में कामयाब हो गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्दबाजी में भागने की वजह से उनके कई अन्य सामान भी वहीं छूट गए, जिन्हें जब्ती सूची में शामिल कर लिया गया है.


बुलेट मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी पुलिस के कब्जे में

रामकृष्णानगर पुलिस द्वारा जारी बरामदगी सूची के अनुसार, घटनास्थल से 304.2 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹2,02,000 नगद और पांच मोबाइल के अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू (जो संभवतः ड्रग्स तौलने के काम आता था) भी बरामद हुआ है. साथ ही, तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JJ8625 है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्करों की धरपकड़ के लिए तकनीकी सर्विलांस की मदद से छापेमारी तेज कर दी है.

रनजीत की रिपोर्ट