दिवाली से पहले पटना सिटी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख के अवैध पटाखे जब्त
छापेमारी के दौरान दुकान से बड़ी संख्या में पटाखे बरामद किए गए। पटना सिटी के डीएसपी शिव शंकर कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 से 10 लाख रुपये है।
Bihar News : दिवाली से पहले पटना में अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को टेढ़ी घाट स्थित एक मकान के नीचे बनी दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद मजिस्ट्रेट और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान से बड़ी संख्या में पटाखे बरामद किए गए। पटना सिटी के डीएसपी शिव शंकर कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 से 10 लाख रुपये है। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।