Patna Crime:पटना में स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़, नशे के जखीरा के साथ पिस्टल और कारतूस बरामद, तस्करी नेटवर्क की तलाश में पुलिस
Patna Crime: पटना में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।...
Patna Crime: पटना में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने लगभग 15 किलोग्राम स्मैक, एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया है। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, पटना एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम डीआईयू (डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) को गुप्त सूचना मिली थी कि सोरनपुर देवी स्थान के समीप स्थित एक मकान से बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों का धंधा संचालित किया जा रहा है। खबर मिलते ही पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से भारी मात्रा में स्मैक के साथ हथियार बरामद कर लिए।प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बरामद स्मैक की खेप केवल पटना तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसे राजधानी समेत बिहार के कई अन्य जिलों में सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। पुलिस को शक है कि यह कोई छोटा-मोटा गिरोह नहीं, बल्कि नशे के कारोबार से जुड़ा एक संगठित तस्करी नेटवर्क है, जिसकी जड़ें कई जिलों तक फैली हो सकती हैं।
गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, उसने स्वीकार किया है कि बरामद मादक पदार्थ तस्करी के उद्देश्य से जमा किए गए थे और यहां से सप्लाई चेन संचालित की जाती थी। अब पुलिस उसकी निशानदेही पर पूरे नेटवर्क, फाइनेंसरों, सप्लायरों और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।
इधर, पुलिस ने मकान मालिकों को भी सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों का कहना है कि किरायेदार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य है। इस मामले में भी जांच की जा रही है कि संबंधित मकान मालिक ने किरायेदार का सत्यापन कराया था या नहीं। यदि नियमों की अनदेखी पाई गई तो मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में सक्रिय नशा तस्करों के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारी संभव हैं।