Patna Crime: खून से लाल हुआ पटना, चाकूबाज़ी से 17 साल के छात्र की मौत, बदमाश फरार
Patna Crime: पटना जिले के मसौढ़ी नगर में शनिवार की देर शाम अपराधियों ने खौफनाक खेल खेल दिया। सब्ज़ी मंडी रोड, डंकबंगला के पास जिला परिषद के सामुदायिक भवन के समीप अज्ञात बदमाशों ने एक किशोर युवक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरा इलाका दहशत में डूब गया और खून से सनी सड़क ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने युवक पर अचानक हमला किया और उसके पेट के निचले हिस्से में चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन दरिंदों के सामने उसकी एक न चली। कुछ ही पलों में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जख्मी हालत में युवक को आनन-फानन में मसौढ़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में मातमी सन्नाटा छा गया।
सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान भगवानगंज थाना क्षेत्र के जाहिदपुर गांव निवासी गिरिजा सिंह के 17 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल वह मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ले में घर बनाकर रह रहा था। राजू मैट्रिक का छात्र था और उसकी बेरहमी से हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं आखिर एक नाबालिग किस दुश्मनी का शिकार बना?
घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब सरेशाम चाकूबाज़ी हो रही है, तो आम आदमी की हिफ़ाज़त कौन करेगा? अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इन खूनी सायों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है या यह केस भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
रिपोर्ट- सुमित कुमार