Patna Crime: पटना में सरेराह गुंडागर्दी, STF इंस्पेक्टर का हेलमेट से सिर फोड़ा, BJP नेता ज्योति शेखर सिंह हिरासत में

Patna Crime:कोतवाली थाना क्षेत्र में कार-बाइक की टक्कर के बाद भड़का विवाद, STF इंस्पेक्टर अमित कुमार गंभीर रूप से जख्मी; शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, पूरे मामले की तफ्तीश जारी

Patna STF Inspector Hurt
पटना में सरेराह गुंडागर्दी- फोटो : social Media

Patna Crime: राजधानी पटना में मंगलवार को सड़क पर कार और बाइक की टक्कर के बाद ऐसा विवाद भड़का कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पोस्ट के पास हुई इस घटना में आरोप है कि कार सवार ने बाइक सवार के सिर पर हेलमेट से वार कर दिया। हमले में बाइक सवार का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल की पहचान एसटीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पीछे से कार ने मारी टक्कर, फिर सड़क पर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार एसटीएफ कार्यालय से मुख्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोतवाली इलाके में एक कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद अमित कुमार बीच सड़क पर लड़खड़ाकर गिर पड़े। इसके बाद कार सवार और बाइक सवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कार सवार ने आपा खो दिया और हेलमेट से अमित कुमार के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में उनका सिर फट गया। सड़क पर हुई इस घटना के बाद आसपास मौजूद लोग जमा हो गए। हालांकि, विवाद किस बात पर और किन परिस्थितियों में बढ़ा, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी।

बीजेपी नेता ज्योति शेखर सिंह पर आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया

इस मामले में आरोपी की पहचान बीजेपी नेता ज्योति शेखर सिंह के रूप में बताई गई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस अब घटना के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के जरिए विवाद की वजह जानने में जुटी है।

कानून-व्यवस्था पर सवाल, जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

राजधानी के व्यस्त इलाके में सड़क दुर्घटना के बाद कथित मारपीट की इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर संयम और कानून के पालन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। मामूली टक्कर के बाद विवाद को हिंसा में तब्दील करना गंभीर मामला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि सड़क पर हुए इस विवाद की असल वजह क्या थी और मामले में आगे कौन-से कानूनी कदम उठाए जाते हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट