Patna Crime: पटना में बवाल,गोलियों की तड़तड़ाहट और पत्थरों की बारिश से दहला इलाका, बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप

Patna Crime:मामूली बच्चों के झगड़े ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि दो गुट आमने-सामने आ गए और पूरा इलाका अफरा-तफरी, खौफ और दहशत में डूब गया।

Patna Tension Clash Turns Violent Over Kids Dispute
,गोलियों की तड़तड़ाहट और पत्थरों की बारिश से दहला पटना- फोटो : X

Patna Crime:रामनवमी से ठीक पहले पटना के मनेर थाना इलाके का छितनावां गांव अचानक जंग का अखाड़ा बन गया। मामूली बच्चों के झगड़े ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि दो गुट आमने-सामने आ गए और पूरा इलाका अफरा-तफरी, खौफ और दहशत में डूब गया। चश्मदीदों के मुताबिक, पहले हल्की कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते मामला गैंगवार की शक्ल ले बैठा।

बताया जाता है कि पांच दिन पहले आर्यन और करण के बीच हुई तनातनी ने अंदर ही अंदर दुश्मनी की आग सुलगा दी थी। गुरुवार को उसी का बदला लेने के लिए आर्यन अपने साथियों के साथ करण गुट के वीर कुमार पर टूट पड़ा। इसके बाद माहौल इतना गरमा गया कि दोनों तरफ से लफंगे और गिरोहबाज सड़कों पर उतर आए।

इसी दौरान गांव में चल रहे यज्ञ से लौट रही रूबी कुमारी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह खुद इस हिंसक झमेले की शिकार बन गई। पत्थरों और डंडों की मार में उसका सिर फट गया, जिससे हालात और भी बेकाबू हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष खूनी खेल पर उतर आए लगातार पांच राउंड फायरिंग हुई, देसी कट्टों से गोलियां दागी गईं और ईंट-पत्थरों की बरसात शुरू हो गई।

करीब आधे घंटे तक पूरा गांव जंग का मैदान बना रहा। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी उपद्रवी बाज नहीं आए और खुलेआम रोड़ेबाजी करते रहे। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, तब जाकर भीड़ तितर-बितर हुई।

इस खूनी झड़प में विशाल कुमार, साहिल, केवल राय और रूबी देवी समेत चार लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और पांच खोखा बरामद किया है, जिससे साफ है कि पूरा मामला पहले से प्लान किया गया हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने 25 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस खुद इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दंगाइयों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।