Bihar Crime: मोकामा में NH-31 किनारे मिली लाश से मचा हड़कंप, औंटा हॉल्ट के पास अज्ञात शव बरामद , पुलिस की तहकीकात तेज
Bihar Crime:मोकामा में सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़े शव को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
Bihar Crime: बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब NH-31 के किनारे औंटा हॉल्ट के पास एक अज्ञात शव बरामद होने की खबर सामने आई। सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़े शव को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई। मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार को जैसे ही मामले की इत्तला मिली, उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण को दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे इलाके को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया। शव की हालत और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुट गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला हत्या का है, किसी आपराधिक वारदात का नतीजा है या फिर किसी हादसे के बाद शव यहां लाकर फेंका गया है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे जांच और पेचीदा हो गई है। पुलिस आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के रहस्य से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल पैदा कर दिया है।