Patna Crime: बिक्रम में नहर से युवक का शव बरामद, इलाके में हड़कंप, रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पटना पुलिस
Patna Crime: पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र में सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डोमिनिया पुल के समीप पुरानी रेवा नहर में एक युवक का शव मिला....
Patna Crime: पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र में सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डोमिनिया पुल के समीप पुरानी रेवा नहर में एक युवक का शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई।
मृतक की पहचान महतो टोला निवासी 25 वर्षीय सरोज कुमार, पिता स्वर्गीय शिव महतो, के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सरोज हाल ही में ई-रिक्शा खरीदकर परिवार का गुजारा कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह रविवार की शाम करीब 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार सुबह नहर में उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत हादसा, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई साजिश और वारदात छिपी हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के अंतिम बार देखे जाने की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही उसके मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके।
फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है और किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट-ऋषिकेश