Bihar Crime: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा बिहार, देर रात सनसनीखेज फायरिंग, दो युवक घायल, इलाके में दहशत

Bihar Crime: बाइक सवार बदमाशों ने कार में बैठे दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई इस वारदात के बाद मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

Purnea Gunfire Rocks Area FSL Team Collects Evidence Overnig
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime: पूर्णिया में देर रात हुई अंधाधुंध गोलीबारी की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। मधुबनी थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज पोखर के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार में बैठे दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई इस वारदात के बाद मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों युवकों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के अनुसार, कटिहार से आए दो युवक अमन कुमार सानु  और रोहित कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ कार में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और बात हाथापाई तक पहुंचने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ते ही बाइक सवार युवकों ने अचानक पिस्टल निकाल ली और कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग में अमन कुमार सानु के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि रोहित कुमार को पेट के पास हल्की चोट आई, क्योंकि गोली छूते हुए निकल गई।

बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को रोहित कुशवाहा नामक व्यक्ति ने फोन कर लॉ कॉलेज पोखर के पास बुलाया था। पुलिस इस कॉल और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है, ताकि असली वजह सामने आ सके।

घटना की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस और मधुबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और कई खोखे बरामद किए हैं।

स्वीटी सहरावत (पूर्णिया एसपी) ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विवाद के बाद फायरिंग की गई है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के फरार होने के रास्तों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

रिपोर्ट- अंकित कुमार