Bihar Crime: सुबह की खामोशी में गोलियों की तड़तड़ाहट, पड़ोसी ने पड़ोसी को उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत का माहौल
Bihar Crime: पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला।...
Bihar Crime: पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला। समस्तीपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दादपुर चकनूर गांव में शुक्रवार तड़के उस वक्त खौफ और सनसनी फैल गई जब एक मामूली कहासुनी ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। गांव निवासी सूरज कुमार, जो रोज़ी-रोटी के लिए मजदूरी करता था, उसे उसके ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला। इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह का वक्त था, लोग नींद से जाग ही रहे थे कि अचानक गोलियों की आवाज़ से पूरा गांव सहम गया। बताया जाता है कि आरोपी युवक पहले पीड़ित के घर के बाहर पहुंचा और वहां रखी ईंटों को बिखेरकर हंगामा शुरू कर दिया। माहौल में गाली-गलौज और चीख-पुकार के बीच जब सूरज कुमार बाहर निकला, तो आरोपी ने उस पर बिना किसी रहम के तीन राउंड फायर झोंक दिए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगते ही सूरज जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे आनन-फानन में समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने काफी कोशिशों के बावजूद उसे बचा नहीं सके। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया और चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
इस घटना के बाद आरोपी ने फायरिंग करते हुए मौके से फरार होने में कामयाबी हासिल कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपने घर से भी फरार है, जिसके चलते पुलिस ने उसके ठिकानों पर दबिश दी है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने दलबल के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। पत्नी के बयान के आधार पर मामला और भी गंभीर हो गया है, जिसमें पहले से रंजिश और अचानक हिंसक हमले की बात सामने आई है।फिलहाल गांव में तनाव और डर का माहौल है तथा लोग इस वारदात को लेकर दहशत में हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।