Bihar Crime: बिहार में बालू माफिया का तांडव, नो एंट्री रोकना पड़ा भारी, बालू लदे ट्रैक्टर ने जवान को रौंदा, हालत गंभीर
Bihar Crime:सासाराम में एक बार फिर बालू माफिया का खौफनाक चेहरा सामने आया है।...
Bihar Crime:सासाराम में एक बार फिर बालू माफिया का खौफनाक चेहरा सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास नो एंट्री में प्रवेश कर रहे बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश के दौरान ट्रैफिक पुलिस के एक जवान को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घायल सिपाही की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ट्रैफिक पुलिस नो एंट्री में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बालू लदा ट्रैक्टर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। जब सिपाही मुकेश कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने वाहन नहीं रोका और ट्रैक्टर का पिछला चक्का जवान के शरीर पर चढ़ गया।
हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए ट्रैक्टर को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल जवान को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अस्पताल पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता घायल जवान की जान बचाना है। साथ ही उन्होंने कहा कि फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में अवैध बालू कारोबार और माफियाओं के बढ़ते मनोबल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू माफिया लगातार कानून को चुनौती दे रहे हैं, जिससे आम लोगों और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
रिपोर्ट- रंजन सिंह