Bihar crime:दिन में फल बेचते, रात में करते चोरी, नकली चाबी से उड़ाते थे बाइक, इरशाद गैंग का भंडाफोड़
Bihar crime:दिन में आरोपी भोले-भाले फलवाले बनकर गलियों में घूमते थे, लेकिन जैसे ही रात का अंधेरा होता...
Bihar crime: बिहार से पुलिस ने एक हाई-टेक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। इस गैंग का सरगना इरशाद राईन उर्फ शेरू अब पुलिस के शिकंजे में है और उसके साथ उसके दो शागिर्द भी धर दबोचे गए हैं। रोहतास जिले के डेहरी इलाके से बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़ हुआ है।
कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं। दिन में ये आरोपी भोले-भाले फलवाले बनकर गलियों में घूमते थे, लेकिन जैसे ही रात का अंधेरा होता ये शातिर चोर बनकर लोगों के दरवाजे और परिसरों में खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर देते थे। पुलिस के मुताबिक, ये गैंग खासतौर पर स्प्लेंडर जैसी बाइक को निशाना बनाता था, जिसे चोरी के बाद फर्जी कागजात के सहारे बेच दिया जाता था।
डेहरी और इंद्रपुरी थाना की संयुक्त टीम ने सीक्रेट ऑपरेशन चलाकर इस पूरे नेटवर्क को धराशायी किया। सबसे पहले पुलिस ने सरगना शेरू को पकड़ा, फिर उसकी निशानदेही पर रंजीत भुइया और बिट्टू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया जो औरंगाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 स्प्लेंडर समेत कुल 10 बाइक, नकली चाबियों का गुच्छा, लॉक तोड़ने के औजार और कई ‘संदिग्ध सामान’ बरामद हुए हैं। इससे साफ है कि ये कोई छोटा-मोटा खेल नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ चलाया जा रहा चोरी का सिंडिकेट था।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस गैंग ने डेहरी और इंद्रपुरी इलाके में कई वारदातों को अंजाम दिया था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। लेकिन आखिरकार खाकी का जाल ऐसा बिछा कि शेरू गैंग का पूरा खेल खत्म हो गया।
अब सवाल ये है क्या इस गैंग के पीछे कोई बड़ा रिसीवर नेटवर्क भी है, जो चोरी की बाइक को बाजार में खपा रहा था? पुलिस अब इस पूरे चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार