सुपौल में सनसनी: सरकारी स्कूल की छत पर मिला 19 वर्षीय युवती का गला रेता हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस

Bihar Crime : बिहार के सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चरनै से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका का लहूलुहान शव गांव के ही एक सरकारी स्कूल की छत से बरामद हुआ...

सुपौल में सनसनी: सरकारी स्कूल की छत पर मिला 19 वर्षीय युवती
सुपौल में 19 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका का शव गांव के ही एक सरकारी स्कूल की छत से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान राजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरनै (वार्ड नंबर 4) निवासी वंदना कुमारी के रूप में हुई है। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश व दहशत का माहौल है।


आधी रात को स्कूल से आई थी चीखने की आवाज

परिजनों के मुताबिक, यह खौफनाक घटना बीते देर रात की है। रात के करीब साढ़े बारह बजे घर के पास ही स्थित सरकारी स्कूल से अचानक किसी के जोर से चिल्लाने की आवाज आई। आवाज वंदना की थी, जिसे सुनकर परिजन चौंक गए। जब उन्होंने तुरंत घर के भीतर वंदना की खोजबीन की तो वह अपने बिस्तर पर नहीं थी। अनहोनी की आशंका में परिजन टॉर्च लेकर तलाश करते हुए स्कूल की तरफ भागे।


स्कूल की छत पर खून से लथपथ मिली लाश

परिजनों ने जब स्कूल परिसर और उसके आस-पास वंदना को खोजना शुरू किया, तो वे स्कूल की छत पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। छत पर वंदना का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था और अपराधियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया और रोने-बिलखने की आवाजें सुनकर बड़ी संख्या में गांव के लोग भी स्कूल परिसर में इकट्ठा हो गए।


एसपी और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चाडॉग स्क्वायड की मदद

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना तुरंत राजेश्वरी थाना पुलिस को दी गई। मामला संवेदनशील होने के कारण मंगलवार की अहले सुबह सुपौल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरथ आर.एस. और त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विभाष कुमार भारी पुलिस बल के साथ खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे तुरंत पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।


हत्या के कारणों पर सस्पेंसजांच जारी

19 वर्षीय वंदना की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और क्यों की, यह रहस्य अभी तक नहीं सुलझ सका है। इस मामले में मृतका के परिजन फिलहाल गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सरथ आर.एस. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर सघन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट