Bihar Crime: चिराग की पार्टी के विधायक पर 50 लाख रंगदारी मांगने का आरोप! 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का भी दावा, सरकारी भवन निर्माण को लेकर घमासान

Bihar Crime: निर्माण कार्य की कुल राशि का 3 प्रतिशत देने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

Siwan Builder Alleges 50L Extortion MLA Denies Commission Cl
चिराग की पार्टी के विधायक पर 50 लाख रंगदारी मांगने का आरोप!- फोटो : reporter

Bihar Crime: सीवान आंदर प्रखंड में निर्माणाधीन मॉडल ब्लॉक भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। भवन निर्माण करा रहे संवेदक विवेक कुमार सिंह ने विधायक प्रतिनिधि अमित कुमार पासवान, साहेब हुसैन समेत अन्य लोगों पर निर्माण कार्य रोकने, गाली-गलौज करने, धमकी देने और 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। वहीं, शिकायत में दरौली विधायक विष्णु देव पासवान पर निर्माण राशि का 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का भी दावा किया गया है। संवेदक के अनुसार, 5 अक्टूबर को करीब 11:30 बजे अमित कुमार पासवान, साहेब हुसैन समेत कुछ लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे और काम बंद करने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान 50 लाख रुपये की मांग की गई और राशि नहीं देने पर निर्माण कार्य नहीं होने देने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद कुछ लोग वहां से भाग गए, जबकि अमित कुमार पासवान और साहेब हुसैन को पुलिस थाने ले गई।

संवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि विधायक के बुलावे पर वह अपने पिता के साथ उनके आवास पर गया था, जहां अमित कुमार पासवान, एजाज अहमद समेत अन्य लोग मौजूद थे। आरोप के मुताबिक, वहां निर्माण कार्य की कुल राशि का 3 प्रतिशत देने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

विधायक ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, दरौली विधायक विष्णु देव पासवान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। विधायक का कहना है कि उन्होंने मॉडल ब्लॉक भवन के निर्माण में गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर पहले ही भवन निर्माण विभाग से जांच की मांग की थी। उनका दावा है कि संवेदक ने मामले को मैनेज करने का प्रयास किया, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया। विधायक ने 3 प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोप को भी निराधार बताया है।

विधायक की ओर से सामने आए एक पत्र की प्रति के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को भवन निर्माण विभाग, पटना के सचिव को पत्र भेजकर आंदर प्रखंड में निर्माणाधीन मॉडल ब्लॉक भवन की तकनीकी जांच कराने की मांग की गई थी। पत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच, भवन के कॉलम समेत महत्वपूर्ण संरचनात्मक हिस्सों की तकनीकी जांच तथा जरूरत पड़ने पर नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित संवेदक द्वारा पिछले पांच वर्षों में कराए गए कार्यों की भी जांच का अनुरोध किया गया है।

फिलहाल, संवेदक और विधायक दोनों पक्षों के दावे सामने हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले में कानूनी प्रक्रिया की बात कही है। 50 लाख रुपये की कथित रंगदारी, 3 प्रतिशत कमीशन की मांग और निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ताबिश इरशाद की रिपोर्ट