Bihar crime: खाकी का खौफ दिखाकर ठगी, नकली पुलिसवालों ने पिता-पुत्र से उड़ाए एक लाख रुपये, CCTV में कैद हुए शातिर
Bihar crime:अब ठगों ने पुलिस की वर्दी और रौब का सहारा लेकर लोगों को निशाना बनाने का नया तरीका अपनाया है। ...
Bihar crime:अब ठगों ने पुलिस की वर्दी और रौब का सहारा लेकर लोगों को निशाना बनाने का नया तरीका अपनाया है। सिवान नगर थाना क्षेत्र के बेलहटा पोखरा के समीप शनिवार को सादे कपड़ों में खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो शातिरों ने एक बुजुर्ग और उनके बेटे से करीब एक लाख रुपये ठग लिए। जांच के नाम पर तलाशी लेने का नाटक किया गया और इसी दौरान झोले में रखी खरीदारी की रकम तथा बुजुर्ग की जेब में रखे रुपये गायब कर दिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
खरीदारी करने आए पिता-पुत्र को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, असांव थाना क्षेत्र के पतार गांव निवासी शंभू वर्णवाल अपने बेटे सोनू कुमार वर्णवाल के साथ खरीदारी करने सिवान शहर आए थे। दोनों बेलहटा बाजार में झाड़ू खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और खुद को सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी बताया।आरोपियों ने पिता-पुत्र को झांसा दिया कि मेले में तैनात एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी की जांच चल रही है। इसके बाद उन्होंने दोनों को पास में खड़े एक कथित वरिष्ठ अधिकारी के पास चलने को कहा। साथ ही किसी से कुछ नहीं बताने की हिदायत भी दी। पुलिसिया रौब और जांच के नाम पर दोनों को इस तरह उलझाया गया कि उन्हें आरोपियों की असली मंशा का अंदाजा तक नहीं लगा।
तलाशी का नाटक, नजर बचाकर पार कर दिए रुपये
खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले युवकों ने तलाशी लेने के बहाने पिता-पुत्र की जेब, झोले और सामान की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने सोनू की जेब से निकाले गए रुपये वापस कर दिए, ताकि उन्हें शक न हो। लेकिन इसी प्रक्रिया में शंभू वर्णवाल की जेब में रखी नकदी और झोले में मौजूद खरीदारी के रुपये कथित तौर पर गायब कर दिए गए।ठगी की कुल रकम करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से निकल गए। पिता-पुत्र को ठगी का पता उस वक्त चला, जब वे दुकान पर सामान का भुगतान करने पहुंचे। रुपये गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
CCTV में दिखे बाइक सवार संदिग्ध, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के अनुसार, पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिनमें बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं।पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित तौर पर ठगी गई रकम की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।
पुलिस के नाम पर ठगी करने वालों से रहें सावधान
इस घटना ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत की ओर ध्यान दिलाया है। ठग अक्सर पुलिसकर्मी या अधिकारी बनकर जांच, तलाशी अथवा किसी कथित कार्रवाई का डर दिखाते हैं और इसी बहाने लोगों की नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते हैं।ऐसी स्थिति में किसी अनजान व्यक्ति के पुलिसकर्मी होने के दावे पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। संदेह होने पर नजदीकी थाने या आधिकारिक पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।फिलहाल सिवान पुलिस के सामने चुनौती है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार की रकम बरामद करने का प्रयास किया जाए। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब पहुंचती है।
रिपोर्ट- ताबिश इरशाद