Bihar Crime: शराब तस्करों ने जदयू नेता को रौंदा, धंधेबाजों की कार बनी काल,मौत से मचा कोहराम
Bihar Crime:अवैध शराब लेकर फरार हो रहे तस्करों की तेज रफ्तार कार ने जदयू नेता र को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ...
Bihar Crime: अवैध शराब लेकर फरार हो रहे तस्करों की तेज रफ्तार कार ने जदयू नेता र को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुपौल जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेपाल से अवैध शराब लेकर फरार हो रहे तस्करों की तेज रफ्तार कार ने जदयू नेता और किराना व्यवसायी मनोज कुमार को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रतनपुर बाजार में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस नेपाल सीमा से आ रही शराब की बड़ी खेप का पीछा कर रही थी। इसी दौरान शराब तस्करों की होंडा सिटी कार (HR-26BX 6782) अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे जा रहे एक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और फिर वही कार सड़क किनारे पैदल जा रहे मनोज कुमार को अपनी चपेट में ले लेती है।बताया जा रहा है कि मनोज कुमार अपनी पोती को स्कूल छोड़कर रतनपुरा चौक स्थित अपनी किराना दुकान खोलने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए रेफर की तैयारी चल रही थी, लेकिन इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पत्नी पुष्पा कुमारी आंगनबाड़ी सेविका हैं और घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल है। लोग इस हादसे को सीधे तौर पर शराब तस्करी के बढ़ते नेटवर्क से जोड़कर देख रहे हैं।
इधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से नेपाल निर्मित लगभग 1050 बोतल देसी शराब बरामद की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप नेपाल के लाही क्षेत्र से लाई जा रही थी और सिमराही में डिलीवरी होनी थी।
रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है और इस तस्करी गिरोह पर शिकंजा कसने की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र