Bihar Police Attack: पुलिस टीम पर हमला, महिला जवान की राइफल छीनी, सरकारी गाड़ी तोड़ी,ASI समेत दो घायल, इलाका बना पुलिस छावनी

Bihar Police Attack: आधी रात ऐसा संगीन हंगामा सामने आया जिसने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी। देर रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। ...

Supaul Mob Attacks Police Team Woman Cop Rifle Snatched ASI
पुलिस टीम पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Police Attack: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र से आधी रात ऐसा संगीन हंगामा सामने आया जिसने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी। राघोपुर पंचायत के महादलित टोला में शनिवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। इस हमले में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड जवान के घायल होने की खबर है, जबकि सरकारी वाहन को भी निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम किसी सूचना पर इलाके में पहुंची थी, तभी अचानक माहौल बिगड़ गया और पुलिस पर हमला बोल दिया गया। हमलावरों ने न सिर्फ धक्का-मुक्की और मारपीट की, बल्कि महिला होमगार्ड काजल कुमारी की राइफल छीन लेने की भी चर्चा है। हालांकि बाद में वह राइफल एक खेत से बरामद होने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक तस्दीक नहीं की है।

घायल पुलिसकर्मियों की पहचान 40 वर्षीय एएसआई अंजय कुमार और 19 वर्षीय महिला होमगार्ड काजल कुमारी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस ने फौरन आला अधिकारियों को खबर दी। इसके बाद कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार और सुपौल एसपी भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर डेरा डाल दिए। देर रात तक पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई।

सूत्रों की मानें तो पुलिस अब हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है और इलाके में लगातार दबिश दी जा रही है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किस वजह से हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक एएसआई और एक महिला सिपाही के घायल होने की सूचना मिली है तथा पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र