सरकारी बस हुआ भीषण सड़क हादसे का शिकार, 9 शिक्षकों की दर्दनाक मौत, पसरा मातम

प्रशासन के मुताबिक, बस कोयंबटूर से सेलम की ओर जा रही थी। रास्ते में 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिसके कारण हादसा हुआ

bus accident
bus accident- फोटो : news4nation

Road Accident :  एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 शिक्षकों की मौत का मामला शनिवार को तमिलनाडु के सेलम जिला में हुआ जिसने इलाके को दहला दिया। सेलम-कोयंबटूर नेशनल हाईवे पर एक सरकारी बस के अनियंत्रित होकर सड़क से उतरने और कई वाहनों से टकराने के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सभी केरल के मलप्पुरम जिला के रहने वाले शिक्षक बताए जा रहे हैं।


प्रशासन के मुताबिक, बस कोयंबटूर से सेलम की ओर जा रही थी। रास्ते में 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिसके बाद बस सड़क से नीचे उतर गई। इस दौरान बस ने एक दोपहिया वाहन और एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिनमें करीब 10 लोग सवार थे। इसके बाद बस 9वें हेयरपिन मोड़ के पास गहरी खाई में जा गिरी।


बस में केरल के पेरिनथलमान्ना से आए 13 पर्यटक सवार थे। इनमें से आठ लोगों (एक पुरुष और सात महिलाएं) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बस चालक, 17-18 साल के दो युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी को तुरंत पोल्लाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया।


हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों की कमान संभाली। फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीमों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं केरल के मुख्यमंत्री ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।