पेड़ से लटका मिला प्रेमी युगल का शव, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस
Desk : पुलिस जिला बगहा से एक खबर सामने आई है। जहां नगर के वार्ड संख्या 34 और 35 के सीमा पर स्थित एक बगीचे से आज बुधवार की सुबह एक प्रेमी युगल का शव आम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार आज सुबह जब लोग बगीचे की ओर गए तो उनकी नजर एक ही पेड़ से लटके युवक और युवती के शव पर पड़ी। ग्रामीणों इसकी सूचना तुरंत नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दिया।
मृतकों की पहचान वार्ड 33 निवासी असगर अली के 19 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तफा और वार्ड 35 के खैरकुत्ती निवासी गुलाब अंसारी की पुत्री सहाबुन नेशा के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। दोनों के शव एक ही पेड़ से लटके पाए जाने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। युवक के परिजन लड़की के परिजनों पर दोनों की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगा रहे हैं।
नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि हालांकि, अभी किसी भी पक्ष के द्वारा पुलिस को कोई आवेदन नहीं दिया गया है। जिसकी वजह से पुलिस के द्वारा अभी एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है। बावजूद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इधर इस घटना के बाद युवक के परिजनों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने कुछ देर तक एनएच 727 को भी जाम रखा। बाद में स्थानीय पुलिस के पहुंचने के बाद परिजन शांत हुए एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया।