पटना में शादी समारोह में चोरी का खुलासा, ज्वेलरी खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार

Barh
Barh - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना जिले के मरांची थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ते हुए चोरी गए आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक ज्वेलरी दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है। 


पुलिस के अनुसार मरांची थाना में 16 मई 2026, में सतीश कुमार द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के घर से बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर रखे गए नकद रुपये और आभूषणों की चोरी कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,   के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी गए आभूषणों को बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी का सामान मोकामा स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एक ज्वेलरी दुकान में बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में दुकानदार मनोज कुमार (58 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

रविशंकर की रिपोर्ट