Bihar Crime: कलयुगी ममता की गोद हुई सूनी, ठंड की आग में बुझ गई एक सांस, सड़क किनारे तड़पता रहा नवजात, सुबह हार गया जिंदगी की जंग
Bihar Crime: मां की ममता एक बार फिर कटघरे में खड़ी नजर आई, जब सड़क किनारे ठंड से कांपता एक नवजात अपनी नन्ही-सी सांसों के साथ जिंदगी की जंग हार गया।
Bihar Crime: मां की ममता एक बार फिर कटघरे में खड़ी नजर आई, जब सड़क किनारे ठंड से कांपता एक नवजात अपनी नन्ही-सी सांसों के साथ जिंदगी की जंग हार गया। जिस बच्चे को मां की गोद की गर्माहट मिलनी चाहिए थी, उसे सर्द रात की बेरहम ठंड ने अपनी आगोश में ले लिया।हरिहरनाथ ओपी क्षेत्र के आनंदपुर गांव में एक ऐसी दर्दनाक दास्तान सामने आई है, जिसने इंसानियत की रूह को झकझोर कर रख दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीती रात करीब दस बजे से सड़क किनारे किसी नवजात के रोने की आवाजें आ रही थीं। मासूम की कराहती पुकार अंधेरे में गूंजती रही, लेकिन डर और अनजानी आशंका के कारण कोई बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। रात भर वह नन्हा जीवन ठंड से लड़ता रहा, और जब सुबह की पहली रोशनी पड़ी तो सड़क किनारे सिर्फ़ खामोशी और मौत पड़ी थी। नवजात की निश्चल देह देखकर पूरे गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरनाथ ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। मासूम की देह पर पड़े ठंड के असर ने हर देखने वाले की आंखें नम कर दीं। यह मंजर ऐसा था, जिसे शब्दों में बयान करना भी मुश्किल है।
इस संबंध में हरिहरनाथ ओपी में तैनात दरोगा शैलेंद्र माझी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब दस बजे से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। सुबह लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक अनुमान है कि नवजात का जन्म दो से तीन दिन पहले हुआ होगा। पुलिस को आशंका है कि किसी महिला ने अवैध गर्भधारण के बाद लोकलाज और भय के चलते बच्चे को जन्म देकर सड़क किनारे छोड़ दिया होगा।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या समाज की बंदिशें मां की ममता से बड़ी हो गई हैं? क्या डर, बदनामी और मजबूरी ने एक मां को इतना बेबस कर दिया कि उसने अपने ही जिगर के टुकड़े को मौत के मुंह में छोड़ दिया? यह सिर्फ़ एक नवजात की मौत नहीं, बल्कि हमारी संवेदनाओं की भी मौत है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है, ताकि उस मां तक पहुंचा जा सके, जिसकी ममता इस ठंडी रात में शर्मसार हो गई।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार