Bihar Crime: नकाबपोश बदमाशों ने हथियार की नोक पर किराना दुकान में की लूट, इलाके में दहशत

Bihar crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ...

Bihar Crime: नकाबपोश बदमाशों ने हथियार की नोक पर किराना दुका
हथियारबंद अपराधियों का तांडव- फोटो : reporter

Bihar crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े नहीं, बल्कि बीच बाजार एक किराना दुकानदार को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। डोगरा चौक स्थित दुकान में घुसे तीन हथियारबंद अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर दुकानदार को धमकाया और कथित तौर पर 19 हजार रुपये नकद तथा सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत फैल गई।

तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में बोला धावा

मिली जानकारी के अनुसार, महुआ थाना क्षेत्र के डोगरा चौक स्थित किराना दुकान पर तीन नकाबपोश अपराधी पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने हथियार दिखाकर दुकानदार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद लूटपाट शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दुकान से करीब 19 हजार रुपये नकद और दुकानदार के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट भी की। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

लूट की सूचना मिलते ही महुआ एसडीपीओ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दुकान का मुआयना किया और पीड़ित दुकानदार से घटना की जानकारी ली। एसडीपीओ ने लूट की वास्तविक रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने के बाद ही लूट की रकम और अन्य सामान का स्पष्ट ब्योरा सामने आएगा।उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा भी दिया है।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा नकाबपोशों का राज?

पुलिस अब डोगरा चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद अपराधी किस रास्ते से फरार हुए। फुटेज के जरिए उनकी पहचान करने और संभावित ठिकानों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

बीच बाजार लूट से कारोबारियों में दहशत

महुआ के व्यस्त डोगरा चौक पर हुई इस वारदात ने स्थानीय व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। दुकानदारों का कहना है कि अगर बाजार में हथियार के बल पर इस तरह लूटपाट होती रही तो कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा।फिलहाल पुलिस ने जांच तेज करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि तीन नकाबपोश अपराधियों ने इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दिया और पुलिस कब तक उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार