Bihar Crime: ग्राहक सेवा केंद्र में गुंडों का तांडव, डेढ़ लाख की लूट और संचालक की बेरहमी से पिटाई, इलाक में हड़कंप

Bihar Crime: बिहार से एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।...

Vaishali Daylight raid goons loot
ग्राहक सेवा केंद्र में गुंडों का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार से एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वैशाली के भगवानपुर बाजार स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर आधा दर्जन नकाबपोश हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोल दिया और कुछ ही मिनटों में पूरा माहौल खौफ में बदल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को निशाना बनाया उसे घेरकर बेरहमी से पीटा, फिर दुकान के अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ मचाई। कंप्यूटर, काउंटर और जरूरी सामान को तहस-नहस करने के बाद करीब डेढ़ लाख रुपये कैश लूटकर फरार हो गए। इस ‘ताबड़तोड़ वारदात’ से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान में जुट गई है।

पीड़ित संचालक ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसके मुताबिक, किरतपुर गांव निवासी जयनाथ कुमार ने सुबह फोन कर उस पर आरोप लगाया था कि उसने किसी का मोबाइल रिपेयर करते समय निजी फोटो निकालकर वायरल कर दिया। जबकि संचालक का दावा है कि वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता ही नहीं।

शाम होते-होते यही विवाद खौफनाक मोड़ ले बैठा। आशंका जताई जा रही है कि इसी कथित वीडियो विवाद के चलते यह हमला कराया गया। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात कर रही है चाहे वह पुरानी रंजिश हो या फिर सुनियोजित साजिश। इस वारदात के बाद भगवानपुर बाजार के कारोबारियों में जबरदस्त दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस लूट और मारपीट ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन बेखौफ बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार