Bihar Crime: लूट गैंग का भंडाफोड़, टॉप-20 का कुख्यात सोनू यादव समेत तीन बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई बाइक, कट्टा और कारतूस बरामद

Bihar Crime:लूट की वारदातों से दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए टॉप-20 सूची में शामिल कुख्यात अपराधी सोनू यादव समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

Vaishali Loot Gang Bust
लूट गैंग का भंडाफोड़- फोटो : reporter

Bihar Crime:लूट की वारदातों से दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए टॉप-20 सूची में शामिल कुख्यात अपराधी सोनू यादव समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में न सिर्फ गिरोह का पर्दाफाश हुआ, बल्कि 24 जून को बाइक सवार दंपति से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 24 जून को बाइक सवार एक दंपति को हथियार के बल पर रोककर उनकी बाइक, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने एसटीएफ के सहयोग से तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार अपराधियों में सबसे बड़ा नाम सोनू यादव का है, जो जिले के टॉप-20 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत करीब 10 संगीन आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह पिछले वर्ष मई महीने में कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। फरार होने के बाद वह लगातार अपने गिरोह के साथ लूट और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था।

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि सोनू यादव की गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि 24 जून को दंपति से हुई लूट की वारदात में भी यही गिरोह शामिल था।पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटी गई बाइक, तीन मोबाइल फोन, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और सभी आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों के स्रोत तथा हाल के दिनों में हुई अन्य लूट की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य लंबित मामलों की भी गहन जांच जारी है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार